इंदौर जिले के शासकीय महाविद्यालय राऊ में विद्यार्थियों ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने आचरण का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और महाविद्यालय का स्टाफ शामिल हुआ।

सामाजिक और नागरिक दायित्वों की दिलाई शपथ

मुख्य अतिथि एसडीएम राऊ लोकेन्द्र कुमार सरल ने विद्यार्थियों और स्टाफ को पर्यावरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा नशामुक्ति के लिए योगदान देने की शपथ दिलाई। संकल्प में सामाजिक भेदभाव से दूर रहने और नागरिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की बात भी शामिल रही।

खास बातें

  • एसडीएम लोकेन्द्र कुमार सरल ने विद्यार्थियों और स्टाफ को शपथ दिलाई
  • पर्यावरण, स्वच्छता, शिक्षा और नशामुक्ति जैसे विषय संकल्प में शामिल
  • विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में विद्यार्थियों ने भाग लिया

सरल ने विद्यार्थियों से सेवा संकल्प को केवल एक महीने तक सीमित न रखने और इसे जीवनभर अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सेवा भावना को विद्यार्थी जीवन का हिस्सा बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को सकारात्मक बदलाव के लिए किया प्रेरित

प्राचार्य डॉ. अनिल सिंह ने विद्यार्थियों से सेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने को कहा। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और भगवान गणेश के आदर्शों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।

डॉ. विजय कुमार वर्मा ने सेवा संकल्प के सामाजिक महत्व पर बात की और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता कराई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग राव ने किया, जबकि संयोजक डॉ. अर्जुन सोलंकी ने अतिथियों, विद्यार्थियों और स्टाफ का आभार माना।