संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष आलीराजपुर में जिले के समस्त विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायतों के निरीक्षण के लिए चेकलिस्ट तैयार करने तथा निरीक्षण के बाद सुधारात्मक कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा में पेंशन पोर्टल पर आवेदन लंबित नहीं रखने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी हैंडपंपों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने को कहा।
जनजातीय कार्य एवं शिक्षा विभाग की समीक्षा में छात्रावासों में अधीक्षकों एवं स्टाफ की नियमित उपस्थिति, छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता राशि का समयबद्ध भुगतान तथा छात्रावासों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, पुस्तकालय एवं खेल सामग्री की उपलब्धता, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने तथा सभी पात्र बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कुपोषण उन्मूलन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ, संस्थागत प्रसव, सभी 22 डिलीवरी पॉइंट का नियमित संचालन, एनआरसी की प्रभावी व्यवस्था तथा आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में किसानों को प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं फसल बीमा योजना से जोड़ने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए। सहकारिता, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा में लंबित एवं वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


