धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर कन्या क्रीड़ा परिसर, करड़ावद बड़ी, झाबुआ में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा एवं “छू लो आसमान” के अंतर्गत जनजातीय कार्य विभाग झाबुआ द्वारा खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं उपस्थित खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी खेल गतिविधियों एवं उपलब्धियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान का स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध पारंपरिक विरासत, संस्कृति, रीति-रिवाजों एवं परंपराओं को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान एवं परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




