प्रदेश में भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती 15 नवंबर को "जनजातीय गौरव दिवस" के रूप में मनाई जाएगी। इस दिन प्रदेश के सभी जनजातीय विकास खण्ड मुख्यालयों पर भगवान बिरसा मुण्डा जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला एवं विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय कार्यक्रम के साथ-साथ डही जिला धार में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। इसके साथ ही 16 एवं 17 नवम्बर को प्रत्येक जनजातीय छात्रावास और आश्रम शालाओं के निरीक्षण हेतु जिला और विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जावेगी।
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि 18 से 20 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक जनजातीय विकासखण्ड स्तर पर स्थानीय रूप से चयनित ग्रामों में "जनजातीय गौरव चौपाल" का आयोजन भी किया जावेगा। उन्होंने बताया कि जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंड्री स्कूलो तथा विशिष्ट विद्यालयों में भी 15 नवम्बर को समारोह पूर्वक भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती मनाई जाएगी। भगवान बिरसा मुण्डा की गौरवगाथा एवं देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण किए जाने हेतु विभाग द्वारा संचालित सभी स्कूलों में 16 से 18 नवम्बर तक भगवान बिरसा मुण्डा की गौरवगाथा, देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान विषय पर सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम तथा जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध, तथा भाषण प्रतियोगिताओ का आयोजन भी किया जायेगा।
इसके साथ ही छात्रावास और आश्रमो के विद्यार्थियो हेतु विशेष भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।

