शासकीय सांदीपनि मॉडल विद्यालय पृथ्वीपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस
विद्यार्थियों ने लगाए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल, रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
शासकीय सांदीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीपुर में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य श्री एस.एस. श्रीवास्तव के निर्देशन में पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन तथा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री एस.एस. श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चे देश का भविष्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रत्येक बच्चे में असीम प्रतिभा और संभावनाएं छिपी होती हैं। बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी है।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। इनमें आलू टिकिया, समोसे, आलू पुंगा, चना, गोली-बिस्कुट सहित अनेक व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने स्वयं सामग्री तैयार कर उत्साहपूर्वक दुकानों का संचालन किया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग एवं व्यावहारिक ज्ञान का अनुभव प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के संयोजक श्री गिरिजाशंकर सूत्रकार रहे तथा संचालन श्री एन.आर. अहिरवार ने किया। इस अवसर पर श्री शिवकुमार रावत, श्री ब्रजभूषण यादव, श्री कमलेश यादव, श्री रामदयाल कोरी, श्री यू.एल. अहिरवार, श्री एन.आर. अहिरवार, श्री गिरिजाशंकर सूत्रकार, श्रीमती जूली यादव, श्रीमती प्रियंका झा, श्रीमती जूही श्रीवास्तव, श्री उमेश श्रीवास्तव, श्री पुष्पराज यादव, श्री अवधेश यादव, श्री अभय यादव, श्री श्यामलाल नामदेव, श्रीमती प्रतीक्षा प्रजापति, श्रीमती कविता विश्वकर्मा, श्रीमती सुलेखा कुशवाहा, श्री ब्रजेश साहू एवं श्री राहुल साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी के सहयोग एवं सहभागिता से कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

