फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से लोकप्रिय हुए सागर के युवा गायक श्री सुनील लोधी का मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप स्वास्थ्य एवं विशेष नेत्र परीक्षण कराया गया। ज्ञातव्य है कि विगत दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गायक सुनील लोधी से मुलाकात पर उनकी संगीत शिक्षा और समुचित इलाज के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव की विशेष पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में गायक सुनील लोधी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ-साथ विस्तृत नेत्र परीक्षण भी कराया गया, ताकि उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बीएमसी में स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत श्री सुनील लोधी ने कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव से कलेक्टर कार्यालय में सौजन्य भेंट की। उल्लेखनीय है कि, श्री सुनील लोधी ने हाल ही में आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली में गीत गाया है। उनका गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है। मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने सुनील लोधी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सुनील ने एक भावपूर्ण भजन भी गाकर सुनाया। कलेक्टर ने कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।