सतना जिले के सोहावल में निर्माणाधीन शासकीय कन्या हाईस्कूल भवन की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मौजूदा निविदा फिर समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने री-टेंडर कराकर भवन का काम शीघ्र पूरा कराने को कहा।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर और एसपी ने सोहावल विकासखंड मुख्यालय की कई शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इनमें पुलिस चौकी, निर्माणाधीन जनपद पंचायत कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र और शासकीय कन्या हाईस्कूल शामिल रहे।

खास बातें

  • कन्या हाईस्कूल भवन के लिए मई 2025 में जारी हुआ था वर्क ऑर्डर
  • निविदा समाप्त कर री-टेंडर के जरिए काम जल्द पूरा कराने के निर्देश
  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सफाई, उपकरण रखरखाव और हर्बल वाटिका की सराहना

डेढ़ साल में अपेक्षित प्रगति नहीं

कन्या हाईस्कूल के नए भवन का निर्माण पीआईयू विभाग की एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ठेकेदार महेंद्र मिश्रा को मई 2025 में वर्क ऑर्डर दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी काम में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।

पीआईयू के कार्यपालन यंत्री के अनुसार धीमी प्रगति के कारण संबंधित ठेकेदार की निविदा पहले समाप्त की गई थी। बाद में एक और अवसर देते हुए प्रगति के आधार पर निविदा बहाल की गई, लेकिन स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने दोबारा टर्मिनेशन और री-टेंडर के निर्देश दिए।

कलेक्टर और एसपी ने कक्षा नौवीं और दसवीं की छात्राओं से बातचीत कर पुस्तक वितरण और पढ़ाई की जानकारी भी ली। जनपद पंचायत के निर्माणाधीन कार्यालय भवन की एजेंसी और अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा गया।

स्वास्थ्य केंद्र की अशोक वाटिका ने खींचा ध्यान

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहावल में अधिकारियों ने ओपीडी, प्रसूता भर्ती कक्ष और औषधि वितरण कक्ष की व्यवस्था देखी। कलेक्टर ने सफाई और उपकरणों के रखरखाव पर संतोष जताया तथा परिसर में विकसित औषधीय पौधों के हर्बल गार्डन और अशोक वाटिका की जानकारी ली।

अधिकारियों को बताया गया कि अशोक वाटिका हाल ही में सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक द्विवेदी ने तैयार की थी। कलेक्टर ने अस्पताल की साज-सज्जा और वाटिका के विकास में उनके योगदान की सराहना की।