गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती महिला को बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस से चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल भेजा गया

मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर के निर्देशन एवं अनुमति पर किया गया रेफर

पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना के अंतर्गत छतरपुर जिले से 17वीं बार गंभीर मरीज को निःशुल्क एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराकर उच्च स्तरीय उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छतरपुर के वार्ड क्रमांक 24, महाराजा कॉलेज के सामने निवासी श्रीमती रामबाई सेन (57 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय छतरपुर की आईसीयू में भर्ती कराया गया। मरीज की स्थिति बेहोशी (Unconsciousness), अनियंत्रित उच्च रक्तचाप (Uncontrolled Hypertension) एवं सीवीए (CVA) से संबंधित गंभीर लक्षणों के कारण चिंताजनक थी।

जिला अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. शोएब रजा द्वारा मरीज का परीक्षण एवं उपचार किया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. शोएब रजा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता से चर्चा की। इसके बाद जिला अस्पताल की टीम एवं सीएमएचओ द्वारा मरीज को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने का निर्णय लिया गया। विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह पर मरीज को चिरायु मेडिकल कॉलेज, भोपाल भेजने की व्यवस्था की गई।

कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन एवं अनुमति पर सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता द्वारा एयर एम्बुलेंस के लिए तत्काल अनुरोध भेजा गया तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मरीज को शाम 4 बजे 108 एम्बुलेंस से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचाया गया। इसके बाद शाम 5:45 बजे एयर एम्बुलेंस से भोपाल भेजा गया। भोपाल एयरपोर्ट से 108 एम्बुलेंस के माध्यम से मरीज को चिरायु मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

इस पूरी प्रक्रिया में मेडिसिन विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय की टीम, सीएमएचओ कार्यालय तथा 108 एम्बुलेंस सेवा की भूमिका सराहनीय रही। पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना गंभीर मरीजों को समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।