मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चयनित वृंदावन ग्राम में 27 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का आयोजन किया जा रहा है। उपसंचालकपशुपालन एवं डेयरी विभाग, दतिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस प्रतियोगिता में भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों (गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी) के पशुपालक भाग ले सकेंगे, जिनका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर अथवा उससे अधिक है। विदेशी नस्ल से प्राप्त संकर पशु इस योजना हेतु पात्र नहीं होंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य वृंदावन गांवों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, अधिक दूध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित कर उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना, गांवों को देशी पशुधन संवर्धन के आदर्श ग्राम के रूप में तैयार करना तथा पशुपालकों की आय बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। प्रतियोगिता के तहत श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय के पशुपालक को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपये एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपये की राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए पशुपालकों के पात्र पशुओं का पंजीयन आवेदन फॉर्म के माध्यम से संबंधित सहायक पशुचिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के पास किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा आवेदनों का परीक्षण करने के उपरांत पात्र पशु प्रतियोगिता में शामिल होंगे। आवेदन जमा करने एवं जानकारी के लिए पशुपालक अपने क्षेत्र के सहायक नोडल अधिकारियों विधानसभा दतिया (वृंदावन ग्राम उपरांय) श्री कृष्णकांत सिंह (मो. 7745936211), विधानसभा भांडेर (वृंदावन ग्राम लहार हवेली) श्री प्रकाश सिंह राजपूत (मो. 9753105815) और विधानसभा सेवढ़ा (वृंदावन ग्राम जोनिया) के लिए डॉ. श्रीमती श्वेता खरे (मो. 8989515597) से संपर्क किया जा सकता है।



