मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन-प्रशासन को गांव की चौपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत आज शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र देपालपुर के गौतमपुरा में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। मंडपम रिसोर्ट परिसर में आयोजित शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अनेक मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भारत सिंह पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, अनुविभागीय अधिकारी श्री चरणजीत सिंह हुड्डा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गौतमपुरा सुश्री मयूरी वर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती हर्षाली गगन बाहेती सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति ने अधिकारियों के साथ नगर परिषद द्वारा संचालित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 20 केएलडी है। वर्तमान में यह सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। उक्त ट्रीटमेंट प्लांट से जो खाद बनती है, उसका उपयोग बगीचे में किया जाता है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अमृत पार्क में विभिन्न प्रजातियों के 50 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष एवं पार्षद व जिला स्तरीय दल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा द्वारा पौधारोपण कर उद्यान का निरीक्षण किया।
गौतमपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मार्ग पर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने वाली अनूठी पहल की गई। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के साथ स्वच्छता और सामुदायिक सुविधाओं का बेहतर होना ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमदान कर सफाई की।
अधिकारियों ने लिया मैदानी जायजा
जन-विश्वास शिविर केवल शिकायतों की सुनवाई तक सीमित नहीं रहा। अधिकारियों ने ग्राम का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। नागरिकों से सीधे संवाद कर यह भी समझा गया कि योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ उन्हें किस तरह मिल रहा है। शासकीय संस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का मैदानी निरीक्षण किया तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रजापति ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गौतमपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं टीकाकरण एवं अन्य कक्षों का निरीक्षण किया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती मरीजों से संवाद किया और हालचाल जाना। इस दौरान ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विभा नागर और डॉ. सुनील असाटी से स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने मण्डी प्रांगण में स्थित आदर्श मार्केटिंग सोसायटी का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को प्रदान किए जाने वाले राशन के बारे में जानकारी प्राप्त की।
स्कूली बच्चों के साथ किया संवाद और दिये करियर के मंत्र
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रजापति ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौतमपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को स्कूली बैग, साहित्य और खेलकूद सामग्री का वितरण किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु करियर के मंत्र दिये। साथ ही बच्चों के साथ सामूहिक चित्र खिचायें। निरीक्षण के दौरान श्री प्रजापति ने विद्यालय के प्रभारी एवं शिक्षकों से विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में चर्चा की। इस मौके पर परियोजना अधिकारी डॉ. अनीता जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने आंगवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य शिविर भी लगा स्वास्थ्य जांच के साथ आधार अपडेशन की सुविधा
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जो नागरिकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहा। शिविर में 230 मरीजों की ओपीडी, 75 आयुष्मान कार्ड, 117 आभा आईडी एवं 04 दिव्यांग कार्ड बनाए गए। साथ ही आयुष चिकित्सा, मेडिकल बोर्ड सहित विभिन्न जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर टीबी मरीजों को निश्चय मित्र के माध्यम से फूड बास्केट तथा कुष्ठ रोगियों को सेल्फ केयर किट वितरित की गई।
ओपीडी में आए मरीजों को फल भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनविश्वास अभियान के माध्यम से आमजन को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आयुष विभाग द्वारा चर्म रोग, उदर रोग, श्वास, नेत्र रोग, नाक कान गला रोग, वात व्याधि, अर्श, पुराने घाव के लिए स्वास्थ्य परीक्षण परामर्श कर निःशुल्क औषधि वितरण किया गया।
साथ ही नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा के साथ आवश्यक दस्तावेज संबंधी सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हुईं। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण युक्त सामग्रियों प्रदर्शित कर ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
अधिकारी एक ही बस से जन-विश्वास शिविर में पहुँचे
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आज सुबह कलेक्टर कार्यालय से संबंधित अधिकारियों का दल बस में सवार होकर गौतमपुरा में आयोजित जन-विश्वास शिविर में सहभागिता करने के लिए जनता के बीच पहुँचे। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति सहित जिले के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
उद्यमियों ने सुनाई सफलता की कहानी
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत विभिन्न लाभार्थी को विभिन्न योजनाओं में लाभ प्रदान किया गया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत श्री अंकित को 2.50 लाख रुपये का लोन प्रदान किया गया। श्री अंकित ने बताया कि इस योजना से प्राप्त ऋण से गौतमपुरा में कपड़े का व्यवसाय प्रारंभ किया। इससे मेरी आमदनी बढ़ी है। साथ ही उद्यम क्रांति योजना के तहत श्री मोहम्मद जुन्नेद को खाद एवं बीज की दुकान के लिए ऋण दिया गया। श्री जुन्नेद ने बताया कि इस व्यवसाय से मेरी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
जन-विश्वास अभियान में आयोजित शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निराकरण किया गया। इस अवसर पर MSME प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। शिविर में विभिन्न लाभार्थियों को भी लाभान्वित करते हुए पात्रता पर्ची, संबल योजना, कर्मकार मण्डल, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कल्याणी पेंशन आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ भी नागरिकों को उपलब्ध कराया गया।




