ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित सरकारी योजनाएं किस प्रकार परिवर्तन ला रही हैं, इसका एक उदाहरण शिवपुरी जिले के नरवर तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम बरखाड़ी की रहने वाली श्रीमती सरोज कुशवाह की सफलता है। सीमित संसाधनों के बीच जीवनयापन करने वाली सरोज आज आजीविका मिशन के जरिए अपने पैरों पर खड़ी होकर अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार का जरिया बन चुकी हैं। शिवपुरी जिले के ग्राम बरखाड़ी की निवासी श्रीमती सरोज कुशवाह वर्ष 2016 में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ीं। इसके बाद उन्होंने गांव में गंगा स्व-सहायता समूह की नींव रखी। समूह की सक्रियता और बेहतर कामकाज के चलते आगे चलकर बरखाड़ी में ग्राम संगठन का गठन हुआ और फिर लगभग तीस गांवों को मिलाकर बने नोडल सीएलएफ दमयन्ती महिला सामुदायिक समिति से वह बतौर सदस्य जुड़ीं। आजीविका मिशन के जरिए उन्हें निरंतर मार्गदर्शन और वित्तीय साक्षरता का पाठ मिला, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। आजीविका मिशन के तहत मिले सहयोग और मार्गदर्शन से सरोज कुशवाह को उत्पादक समूह का कार्य मिला। इस कार्य के लिए उन्हें 2,35,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इस पूंजी का सदुपयोग करते हुए उन्होंने गांव की 15 अन्य महिलाओं को साथ जोड़ा और सामूहिक रूप से दूध का व्यवसाय प्रारंभ किया। गांव की जिन दीदियों के यहां दूध होता है, वे सब उसे एक जगह एकत्र करती हैं और फिर वाहन के माध्यम से बाहर बाजार में पहुंचाती हैं। इस सामूहिक प्रयास से उनका उत्पादक समूह बेहद सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह प्रयास केवल सरोज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे उनके साथ जुड़ी 15 से 20 ग्रामीण दीदियों को नियमित रोजगार मिल गया है। महिलाओं के इस समूह ने साबित कर दिया कि यदि संगठित होकर प्रयास किए जाएं तो ग्रामीण आंचल में भी बड़े स्तर पर स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। हाल ही में उन्होंने भोपाल में विशेष प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है, जिसके माध्यम से आने वाले दिनों में क्षेत्र में और अधिक उत्पादक समूह बनाए जाएंगे ताकि अन्य महिलाओं को भी इस कार्य से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। श्रीमती सरोज कुशवाह कहती हैं कि मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने उनके जीवन को एक नई दिशा, वित्तीय मजबूती और सम्मानजनक पहचान दी है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने वाली इन कल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन के लिए शासन प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।



