पशुपालन एवं डेयरी विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना अंतर्गत गौ-पालको के लिए गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सबसे अधिक दूध देने वाली गाय के पालक को एक लाख रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिले के वृंदावन ग्राम नागदा और श्यामपुर में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।
उप संचालक पशुपालन डॉ सुभाषबाबू दौहरे ने बताया कि मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना अंतर्गत जिले में दो गांव नागदा और श्यामपुर चयनित है, इन ग्रामों में शासन की योजना के तहत गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें गो-पालको को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपये की राशि प्रदान की जायेगी। यह प्रतियोगिता उक्त दोनो ग्रामों के लिए अलग-अलग होगी।
उप संचालक पशुपालन डॉ दौहरे ने बताया कि श्यामपुर में प्रतियोगिता का आयोजन 27 एवं 28 अक्टूबर को तथा नागदा में प्रतियोगिता का आयोजन 30 एवं 31 अक्टूबर को किया जायेगा। इसके लिए पशुपालक अपने आवेदन 26 अक्टूबर तक जमा कर सकते है। ग्राम नागदा के लिए डॉ सचिन उपाध्याय मोबाइल नंबर 9993508879 तथा श्यामपुर के लिए डॉ गहलोत मोबाइल नंबर 9752869694 के पास जमा करा सकते है तथा अधिक जानकारी के लिए उक्त दूरभाष क्रमांक पर संपर्क कर सकते है। इस प्रतियोगिता में देशी गाय के गौपालक ही भाग ले सकेंगे तथा सुबह-शाम का मिलाकर 6 लीटर से अधिक दूध देने वाली गाय ही इसमें शामिल होंगी। प्रतियोगिता में संबंधित वृंदावन ग्राम के गौपालक ही भाग ले सकेंगे। विजेता गौपालको को गोवर्धन पूजन के दिन राज्य स्तर से डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार राशि अंतरित की जायेगी।